मुंबई: सामाजिक कार्यकर्ता रिज़वाना खान ने हाल ही में बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए शिवसेना (शिंदे गुट) जॉइन कर लिया है। इस मौके पर उन्होंने एक खास बातचीत में अपने इस फैसले के पीछे की वजह और आगे की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
रिज़वाना खान ने कहा कि उन्होंने एकनाथ शिंदे के विचारों और काम से प्रभावित होकर यह कदम उठाया है। उनके अनुसार, “राजनीति विचारों और काम पर चलती है। शिंदे साहब ने महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें मजबूत बनाने का काम किया है। इसलिए मैंने उसी पार्टी को चुना जहां महिलाओं को ताकत मिलती है।”
मालवानी क्षेत्र में काम को लेकर रिज़वाना खान ने कहा कि यहां कई समस्याएं हैं, जैसे ट्रैफिक, कचरा, नशा और अन्य स्थानीय मुद्दे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता छोटी-बड़ी सभी समस्याओं का समाधान करना है। “हम सच्चे शिवसैनिक की तरह हर व्यक्ति का काम करने के लिए यहां हैं,” उन्होंने कहा।
पार्टी बदलने के सवाल पर रिज़वाना खान ने साफ कहा कि राजनीति में बदलाव सामान्य बात है। “जो पार्टी अच्छा काम करती है, उसके साथ खड़े रहना जरूरी है। सही समय पर सही फैसला लेना ही सच्ची राजनीति है,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आलोचना और ट्रोलिंग से उन्हें फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उनका ध्यान सिर्फ जनता की सेवा पर है।
महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर बात करते हुए उन्होंने ‘लाड़ली बहना’ योजना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उनका काम जल्द पूरा कराकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने की कोशिश की जाएगी। “यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए है और इसे आगे भी जारी रखा जाएगा,” उन्होंने कहा।
अंत में रिज़वाना खान ने मलाड और मालवानी की जनता से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और उन पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा, “मैं जनता की सेवा के लिए आई हूं और हर समस्या को सरकार तक पहुंचाकर उसका समाधान कराने की पूरी कोशिश करूंगी।”
मालवानी के मुद्दों पर फोकस
मालवानी क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि यहां कई सालों से समस्याएं बनी हुई हैं। “शिया कब्रिस्तान, ट्रैफिक, कचरा और अन्य कई मुद्दे हैं, जो अब तक हल नहीं हुए। हम इन सभी मुद्दों को शिंदे साहब तक पहुंचाकर समाधान की कोशिश करेंगे,” उन्होंने भरोसा जताया।
परिवार और टीम का समर्थन
इस मौके पर उनके पति ईसा खान ने भी उनका समर्थन जताते हुए कहा कि वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, “रिजवाना लोगों के लिए दिन-रात काम करती हैं, इसलिए मैं उनका साथ देता हूं।”
रिज़वाना खान ने यह भी भरोसा दिलाया कि उनके कार्यालय में कोई भी महिला या नागरिक बिना डर के अपनी समस्या लेकर आ सकता है, और उसे हर संभव मदद दी जाएगी।


