मुंबई: पिछले चार दशकों से मशहूर फोटोग्राफर परेश मेहता, जो मेमोरी मेकर्स के संस्थापक हैं, महानायक अमिताभ बच्चन के बेहद करीब रहकर उनके खास पलों को कैमरे में कैद कर रहे हैं। फिल्मों से लेकर पारिवारिक कार्यक्रम, सार्वजनिक समारोह और हर खास मौके पर परेश मेहता उनकी यादगार तस्वीरें लेते हैं।
Hamara Mumbai News के Editor-in-Chief रियाज़ अहमद ने परेश मेहता से उनकी जिंदगी, अमिताभ बच्चन के साथ उनके सफर, फोटोग्राफी के अनुभव और भविष्य की योजनाओं पर खास बातचीत की।
रियाज़ अहमद: जब भी हम अमिताभ बच्चन जी को किसी कार्यक्रम में देखते हैं, आप कहीं न कहीं कैमरे के पीछे या आसपास जरूर दिखाई देते हैं। आप लगभग चार दशकों से उनके साथ जुड़े हुए हैं। इस सफर के बारे में बताइए।
परेश मेहता:
सबसे पहले नमस्ते रियाज़ भाई।

फोटोग्राफी मेरा बचपन से शौक रहा है। अमिताभ सर के साथ काम करना मेरे लिए भगवान का आशीर्वाद है। चाहे फिल्म की शूटिंग हो, कोई पार्टी, फैमिली फंक्शन या कोई बड़ा इवेंट, मैं हमेशा उनके साथ रहता हूं और उनकी तस्वीरें लेता हूं।
उनके साथ काम करना आसान नहीं है। सच कहूं तो मेरे लिए हर दिन एक परीक्षा जैसा होता है। हर इवेंट के बाद मैं सभी तस्वीरें पेन ड्राइव में देकर सर को देता हूं। वह खुद हर फोटो को बहुत ध्यान से देखते हैं।
आज तक उन्होंने सिर्फ दो बार मेरी गलती बताई है, लेकिन उन्हीं दो बातों से मैंने सीखा कि काम में परफेक्शन क्या होता है। अमिताभ सर चाहते हैं कि हर फोटो 100 प्रतिशत परफेक्ट हो।
रियाज़ अहमद: आज हर किसी के हाथ में मोबाइल है और लोग अच्छी तस्वीरें ले लेते हैं। क्या कभी लगा कि मोबाइल आने से प्रोफेशनल फोटोग्राफर्स का काम कम हो जाएगा?
परेश मेहता:
नहीं, ऐसा कभी नहीं सोचा।
मेरी कोशिश रहती है कि मैं किसी से ज्यादा बात न करूं ताकि कोई खास पल मिस न हो जाए। मैं हमेशा अमिताभ सर के आसपास रहता हूं और हर बार नया एंगल, नया एक्सप्रेशन और अलग तस्वीर लेने की कोशिश करता हूं।
अगर रोज वही फोटो दूंगा तो उसमें कोई नई बात नहीं रहेगी। इसलिए मैं हर दिन कुछ अलग दिखाने की कोशिश करता हूं। मोबाइल फोटो ले सकता है, लेकिन अनुभव और सही समय पर सही पल को कैद करना अलग बात है।
रियाज़ अहमद: अमिताभ बच्चन जी के साथ आपकी पहली मुलाकात कैसे हुई? आपको उनके साथ काम करने का मौका कैसे मिला?

परेश मेहता:
यह बहुत पुरानी बात है।
मुझसे पहले जो फोटोग्राफर सर के साथ काम करते थे, मैं उनके साथ जाया करता था। इसलिए अमिताभ सर मुझे पहले से जानते थे।
बाद में परिस्थितियां बदलीं और मुझे उनके साथ सीधे काम करने का मौका मिला। मैं इसे भगवान का आशीर्वाद और अमिताभ सर का भरोसा मानता हूं। उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी दी, इसके लिए मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा।
रियाज़ अहमद: हर रविवार जालसा के बाहर हजारों लोग सिर्फ अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने के लिए खड़े रहते हैं। इस नजारे को आप हर हफ्ते देखते हैं। आपको कैसा महसूस होता है?
परेश मेहता:
बहुत भावुक कर देने वाला नजारा होता है।
मैंने छोटे बच्चों से लेकर 70-80 साल के बुजुर्गों तक को वहां देखा है। कई लोग व्हीलचेयर पर भी सिर्फ अमिताभ सर की एक झलक पाने आते हैं।
जब उन्हें सर के दर्शन होते हैं तो उनके चेहरे की खुशी देखने लायक होती है। ऐसा लगता है जैसे उन्हें दुनिया की सबसे बड़ी खुशी मिल गई हो।
मैं अपने बेटे और अपनी टीम से हमेशा कहता हूं कि हम बहुत खुशकिस्मत हैं। हम भी अमिताभ सर के उतने ही बड़े फैन हैं जितने बाहर खड़े हजारों लोग हैं। यह सब भगवान की कृपा और अमिताभ सर के विश्वास की वजह से है।
रियाज़ अहमद: बच्चन परिवार में जया बच्चन, अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन भी हैं। क्या उनके कार्यक्रमों की फोटोग्राफी भी आप करते हैं?

परेश मेहता:
जी हां, जब भी परिवार के कार्यक्रम होते हैं तो उनकी फोटोग्राफी भी होती है। लेकिन मैं हमेशा उनकी निजी जिंदगी की गोपनीयता का पूरा सम्मान करता हूं। शायद यही वजह है कि इतने वर्षों से हमारा रिश्ता विश्वास पर कायम है।
रियाज़ अहमद: बहुत से लोगों को लगता है कि अमिताभ बच्चन के पर्सनल फोटोग्राफर को बुलाना बहुत महंगा होगा। आप क्या कहना चाहेंगे?
परेश मेहता:
ऐसा बिल्कुल नहीं है।
हमारी कंपनी मेमोरी मेकर्स में शादी, प्री-वेडिंग, कॉर्पोरेट इवेंट, पार्टी और फैमिली फंक्शन के लिए अलग-अलग टीमें हैं।
हर क्लाइंट का बजट अलग होता है। पहले हम उनकी जरूरत समझते हैं, फिर उसी हिसाब से पैकेज तैयार करते हैं। अच्छी फोटोग्राफी सिर्फ बड़े लोगों के लिए नहीं, बल्कि हर किसी के लिए होनी चाहिए।
रियाज़ अहमद: आजकल प्री-वेडिंग शूट का काफी चलन है। इसके बारे में क्या कहना चाहेंगे?

परेश मेहता:
हम कई सालों से प्री-वेडिंग शूट कर रहे हैं।
आजकल हर कपल चाहता है कि उसका प्री-वेडिंग शूट किसी फिल्म जैसा दिखे। इसके लिए अच्छी लोकेशन, सही प्लानिंग, बढ़िया कॉन्सेप्ट और भावनाओं को सही तरीके से कैमरे में कैद करना बहुत जरूरी होता है।
रियाज़ अहमद: विदेशों में रहने वाले भारतीय (NRI) भी आपका काम पसंद करते हैं। क्या वे आपको अपने कार्यक्रमों के लिए बुला सकते हैं?
परेश मेहता:
बिल्कुल।
हमें भारत के साथ-साथ विदेशों से भी कई पूछताछ आती हैं। अगर कोई डेस्टिनेशन वेडिंग, फैमिली फंक्शन या कॉर्पोरेट इवेंट हो तो हमारी टीम भारत के बाहर भी जाकर काम करती है।
रियाज़ अहमद: आखिर में, आने वाले पांच वर्षों में आप खुद को और अपनी कंपनी मेमोरी मेकर्स को कहां देखते हैं?
परेश मेहता:
मैं हमेशा सीखते रहना चाहता हूं।
फोटोग्राफी हर दिन बदल रही है और हमें भी उसके साथ आगे बढ़ना है। मेरी कोशिश है कि मेमोरी मेकर्स देश की सबसे भरोसेमंद फोटोग्राफी कंपनियों में शामिल हो और हम अपने हर क्लाइंट को बेहतरीन काम देते रहें
करीब चार दशकों से अमिताभ बच्चन के साथ जुड़े परेश मेहता का सफर मेहनत, लगन और परफेक्शन की मिसाल है। उन्होंने अपने कैमरे से सिर्फ तस्वीरें नहीं, बल्कि अनगिनत यादगार लम्हों को हमेशा के लिए संजोया है। आज भी उनका मानना है कि सीखना कभी खत्म नहीं होता और हर दिन बेहतर काम करने की नई चुनौती लेकर आता है।


