मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे साहेब ने नवनिर्वाचित नगरसेविका सौ. धनश्री वैभव भरडकर एवं अन्य सभी नगरसेवकों से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने सभी से आत्मीय संवाद साधते हुए उन्हें जीत की हार्दिक बधाई दी।
उपमुख्यमंत्री शिंदे साहेब ने कहा कि जनता ने जो विश्वास जनप्रतिनिधियों पर जताया है, उस पर खरा उतरना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने-अपने प्रभागों में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, विकास कार्यों में निधि का सही और पारदर्शी उपयोग करने तथा नागरिकों को प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देने वाला बदलाव लाने का आवाहन किया। साथ ही, दर्जेदार और टिकाऊ विकास कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर शिवसेना की छवि को और अधिक उज्ज्वल बनाए रखते हुए विकास की प्रक्रिया में समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रेरणादायी संदेश भी दिया गया।
दिंडोशी विभाग प्रमुख, शिवसेना निरीक्षक एवं मालाड विकास प्रतिष्ठान ट्रस्ट, मुंबई के संस्थापक अध्यक्ष श्री वैभव भरडकर ने कहा कि वे इस सफलता से अत्यंत आनंदित हैं। उन्होंने बताया कि दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र में शिवसेना और मालाड विकास प्रतिष्ठान की पूरी टीम ने एकजुट होकर कड़ी मेहनत की। चुनावी संघर्ष चुनौतीपूर्ण था, फिर भी जनता के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से विजय प्राप्त हुई।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में सभी प्रत्याशियों ने अच्छा संघर्ष किया और जो विजयी नहीं हो सके, उन्हें भी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी जानी चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि अब प्राथमिक लक्ष्य आम नागरिकों के लिए कार्य करना है, जिसमें विशेष रूप से पुनर्वसन, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर जोर दिया जाएगा।


